कोरबा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 104 चालकों से वसूला 53,400 रुपए का जुर्माना

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत एक ही दिन में 104 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 53,400 रुपए  का समन शुल्क वसूला गया।

जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 चालक पकड़े गए। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ कहा है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना, चौकी एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, गलत दिशा में ड्राइविंग और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसे मामलों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद ड्राइविंग बिल्कुल न करें। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस के अनुसार जिले में सड़क सुरक्षा बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article