कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 टन स्क्रैप जब्त किया है। यह कार्रवाई कनकी नहर पुल के पास की गई, जहां उरगा पुलिस ने एक संदिग्ध माजदा वाहन को रोककर तलाशी ली।
पुलिस को लंबे समय से उरगा थाना क्षेत्र में अवैध स्क्रैप की डंपिंग और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 10 हजार किलोग्राम यानी 10 टन बताया जा रहा है। जब्त स्क्रैप की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि स्क्रैप राजेश कर्ष नामक व्यक्ति का है और इसे जांजगीर की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 102 के तहत कार्रवाई करते हुए माल जब्त कर लिया है। इसके अलावा कुछ अन्य वाहनों को भी कब्जे में लेकर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि जब्त स्क्रैप के संबंध में संबंधित संस्थानों और स्थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि कबाड़ कहां से लाया गया और उसके वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार लंबे समय से प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। आरोप हैं कि SECL की बंद खदानों, औद्योगिक इकाइयों और सरकारी परिसरों से लोहे की चोरी कर उसे अवैध रूप से बाजार में खपाया जाता है।
