कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, सड़े-गले और केमिकल से पकाए फल किए गए नष्ट

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  गर्मी के मौसम में फलों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने कोरबा शहर में विशेष जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विभागीय टीम ने शहर के कई फल दुकानों में निरीक्षण कर सड़े-गले और रसायन से पकाए गए फल जब्त किए। कार्रवाई के दौरान करीब 10 किलो आम और 4 दर्जन केले मौके पर ही नष्ट कर दिए गए।

यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। टीम ने राजा फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, शारदा फ्रूट सेंटर और सर्वमंगला फ्रूट सेंटर समेत कुल 11 दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए प्रतिबंधित कार्बाइड के इस्तेमाल की आशंका जताई गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध फलों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष अभियान 27 मई से 29 मई 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना है।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक चमकदार, असामान्य रंग वाले या जल्दी पके हुए फलों की खरीदारी से बचें। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सैंपलिंग असिस्टेंट और नगर निगम का अमला शामिल रहा। अगले दो दिनों तक शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की मंडियों और थोक बाजारों में भी जांच जारी रहेगी।

Share This Article