कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में शराब दुकान के बाहर एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के निहारिका स्थित शराब दुकान के बाहर 24 मई की रात शराब लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक निहारिका शराब दुकान पर रोजाना की तरह शनिवार रात भी भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। शराब खरीदने के लिए लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवकों ने एक युवक को घेर लिया और उसके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। करीब आधे घंटे तक दुकान के बाहर हंगामा चलता रहा। मारपीट में घायल युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि निहारिका शराब दुकान के बाहर आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। नशे में धुत लोगों के कारण शाम होते ही क्षेत्र का माहौल बिगड़ जाता है। पहले भी कई बार पुलिस कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन हालात में खास सुधार देखने को नहीं मिला।
अव्यवस्थित पार्किंग से बढ़ रही परेशानी
शाम के समय शराब दुकान के बाहर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग लग जाती है। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के आसपास का इलाका शाम होते ही असुरक्षित महसूस होने लगता है।
लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से शराब दुकान के बाहर नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
