कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: रामनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जमानत दे दी गई।
पुलिस के अनुसार 4 जून की शाम करीब 6:40 बजे रामनगर निवासी प्रदीप दास अपने मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान रामनगर निवासी ईश्वर बंजारे (21 वर्ष) वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार कटरनुमा हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया।
हमले में प्रदीप दास घायल हो गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़ित के पिता प्रकाश सिंह की शिकायत पर मानिकपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 493/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 115(2) एवं 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और 6 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
