कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीबहार में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात आगजनी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक नई थार वाहन को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
जानकारी के अनुसार घटना शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। वाहन मालिक आदित्य कुमार की सफेद रंग की नई थार घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने वाहन में आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक थार पूरी तरह जल चुकी थी।
गनीमत रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वाहन नया होने के कारण आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस रंजिश, शरारत और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
