कोरबा: सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र के प्रगति नगर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 11 वर्षीय छात्रा वैष्णवी उर्फ सन्नू की सांप के डसने से मौत हो गई। परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस घटना को वे सामान्य कीड़े के काटने की शिकायत समझ रहे हैं वह कुछ ही घंटों में उनकी बेटी की जिंदगी छीन लेगी।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात वैष्णवी अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। शनिवार तड़के करीब 4 बजे वह अचानक नींद से उठी और कान के पास दर्द होने की बात कही। उसने परिजनों को बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। बच्ची ने कमरे में बने चूहे के बिल की तरफ भी इशारा किया, जहां कुछ हलचल नजर आई थी।

परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य घटना मानकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद वैष्णवी की तबीयत बिगड़ने लगी। कान के पास सूजन बढ़ने लगी और उसकी बेचैनी भी बढ़ गई। हालात गंभीर होते देख परिवार को सांप के डसने की आशंका हुई और उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की हालत नाजुक बताते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने तक उसकी स्थिति और गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान वैष्णवी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

Share This Article