अनियंत्रित होकर पलटा राखड़ से भरा ट्रक, कोरबा-कटघोरा मार्ग पर लगा लंबा जाम

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कटघोरा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर रविवार को छुरी के पास राखड़ से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के पलटते ही सड़क पर राखड़ फैल गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

ट्रक को हटाने के दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लगभग एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। व्यस्ततम मार्ग पर अचानक हुए जाम के कारण यात्रियों, कामकाजी लोगों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस की तत्परता से ट्रक को हटाकर यातायात बहाल किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम खुला और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Share This Article