कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा एसईसीएल क्षेत्र अंतर्गत वार्ड-56 रोहिना बस्ती में 16 वर्षीय किशोरी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर एक युवक किशोरी के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर युवक ने सार्वजनिक रूप से किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया जिसके बाद युवक वहां से चला गया।
परिजनों का आरोप है कि इस घटना से किशोरी मानसिक रूप से काफी आहत थी। कुछ समय बाद वह अपने घर में मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई की। देर रात होने के कारण शव को अस्पताल की सर्जरी में सुरक्षित रखा गया। बताया गया है कि किशोरी की माँ मजदूरी के सिलसिले में राज्य से बाहर रहती हैं। उनके बहाने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी का मोबाइल जब्त कर कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार किशोरी के पिता का वर्ष 2021 में निधन हो गया था। परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था। मां के बाहर रहने के कारण किशोरी अपने भाई के साथ बुआ और नानी के संरक्षण में रहकर पढ़ाई कर रही थी। किशोरी की बुआ सरिता महंत ने आरोप लगाया है कि संबंधित युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। उनका कहना है कि इस घटना के बाद किशोरी बेहद तनाव में थी।
पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।
