तालाब सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा: जलकुंभी में फंसकर ग्रामीण की मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित प्रसिद्ध गणेश तालाब में सोमवार को सफाई अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब से जलकुंभी हटाने के काम में जुटे 50 वर्षीय मजदूर श्यामलाल सारथी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा गणेश तालाब की सफाई का कार्य ठेके पर कराया जा रहा था। इसी कार्य के तहत श्यामलाल सारथी अपने पांच अन्य साथियों के साथ तालाब में उतरकर जलकुंभी हटाने का काम कर रहा था। सफाई करते-करते वह तालाब के बीच हिस्से तक पहुंच गया जहां जलकुंभी और कीचड़ की परत काफी घनी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। घनी जलकुंभी में फंस जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में डूब गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तालाब की गहराई, कीचड़ और जलकुंभी की घनी परत के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने तालाब के बीच हिस्से से श्यामलाल का शव बरामद किया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने सफाई कार्य में बरती गई लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट, सुरक्षा रस्सी और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों के तालाब में उतारा गया था। यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article