छत्तीसगढ़ के मशहूर रैपर एप्पी राजा का निधन, रायपुर के एम्स अस्पताल में ली अंतिम सांस

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ी संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश के लोकप्रिय रैपर और युवा कलाकार चेतन चांडक उर्फ एप्पी राजा का निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और रायपुर के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही संगीत जगत, प्रशंसकों और कलाकारों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

एप्पी राजा ने अपनी अनूठी रैप शैली और छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार किए गए गीतों के माध्यम से युवाओं के बीच खास पहचान बनाई थी। कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में कदम रखने वाले एप्पी राजा ने 13-14 वर्ष की उम्र से रैप गीत लिखना शुरू कर दिया था। उनकी मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें प्रदेश के सबसे चर्चित युवा कलाकारों में शामिल कर दिया।

उनका चर्चित गीत ‘टूरा भोको लोलो’ लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और इसी गाने ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने कई ऐसे गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें युवाओं ने खूब पसंद किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी।

एप्पी राजा के निधन की खबर से उनके गृह क्षेत्र भानुप्रतापपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके साथ बिताए गए पलों को याद कर रहे हैं। कई कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने भी उनके निधन को छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, एप्पी राजा का अंतिम संस्कार 16 जून (मंगलवार) को भानुप्रतापपुर में किया जाएगा। उनके असामयिक निधन से छत्तीसगढ़ी रैप संगीत ने एक उभरता हुआ और प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है।

Share This Article