कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 जेसीबी सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा और गुरसिया समेत कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर और 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना और गुरसिया क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को बांकीमोगरा, रामपुर और बांगो थानों के साथ खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
अप्रैल से जून तक 111 मामलों में कार्रवाई
खनिज विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक जिले में अवैध खनन के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है। इस दौरान अवैध उत्खनन के 12 प्रकरणों में 6.74 लाख रुपये की वसूली, अवैध परिवहन के 89 प्रकरणों में 7.37 लाख रुपये की वसूली, अवैध भंडारण के 10 प्रकरणों में 7.14 लाख रुपये की वसूली की गई है।
इन सभी कार्रवाइयों के माध्यम से अब तक कुल 18 लाख 70 हजार 473 रुपये का राजस्व शासन के खाते में जमा कराया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और शासकीय राजस्व की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग का कहना है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
