SECL गेवरा में बड़ा हादसा: जीएम की अटैच गाड़ी चार बार पलटी, चालक की हालत गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/गेवरा:  एसईसीएल गेवरा परियोजना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गेवरा प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक (जीएम) के अटैचमेंट में संचालित किराये की कार अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन लगभग चार बार पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक CG 12 BS 9301 कुसमुंडा से गेवरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क पर ही पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के समय वाहन चला रहा चालक हरि गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल चालक को उपचार के लिए एनसीएच गेवरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए न्यू कोरबा हॉस्पिटल (NKH) रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार चालक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय चालक नशे में धूत था और लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था। फिलहाल पुलिस एवं संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Share This Article