बड़ा हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी बस, हादसे में मासूम की मौत, कई लोग घायल
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक मासूम की मौत की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार घटना तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवर ब्रिज की है। घटना के वक्त बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। लालखदान ओवर ब्रिज के पास बिलासपुर से मस्तूरी जा रही बस के सामने एक बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई. इसके बाद पलट गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा भी टूटकर गिर गया। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।
हादसे में कई यात्रियों के सिर, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई है, और एक बच्ची की मौत हो गई है. वहीं 12 से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। वही तोरवा पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी गई है।
