बारात ले जाने से पहले जेल पहुंचा दूल्हा, इंतजार करती रह गई दुल्हन, जानें क्या है पूरा मामला….

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में पुलिस ने बारात निकलने से पहले दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया । प्रेमिका को धोखा देकर आरोपी शादी करने वाला था। युवती के मुताबिक शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाया, इस दौरान वो दो बार प्रेग्नेंट हुई तो गर्भपात करवाया। जब उसने शादी करने की बात कही तो मना कर दिया और दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा था। 16 मई को सिविल लाइन थाने शिकायत दर्ज कराई गई।

जानकारी के मुताबिक मूलत: सक्ती जिले के निवासी आरोपी नन्द लाल निषाद (26 वर्ष) मैकेनिक है, जो कि कोरबा के रामपुर में रहता है। दो साल पहले मोहल्ले में दोनों की जान पहचान हुई थी। वॉट्सअप पर बातचीत करते-करते दोस्ती प्यार में बदल गई। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच शनिवार शाम को लड़के की बारात निकलने वाली थी। तभी पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, हल्दी की रस्म के बीच दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। उधर दुल्हन भी मेंहदी लगाकर दूल्हे का इंतजार करती रही।

पीड़ित युवती ने बताया कि उसने शादी का वादा किया था, लेकिन चोरी चुपके शादी करने चला था। उसके दोस्तों के माध्यम से पता चला कि नंदलाल किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। जिसके बाद इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article