मस्जिद के पीछे चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल, कोतवाली पुलिस ने आदतन आरोपी को दबोचा

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी और नगदी रकम जब्त की है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों से जुड़े फोटो और लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43 वर्ष) को कथित तौर पर सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया।

मोबाइल में मिले सट्टा-पट्टी के फोटो

पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों और जोड़ियों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टे के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी मिलने का भी पुलिस ने दावा किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी और नगद रकम जब्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।


Share This Article