कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। रेलवे निर्माण कार्य में लगे करीब 14 लाख रुपए कीमत के जॉन डियर ट्रैक्टर को चोरी कर ठिकाने लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी किया गया ट्रैक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है, जिसके अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दीपका के उर्जानगर निवासी आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जॉन डियर 5210 मॉडल का यह ट्रैक्टर (CG 12 BR 9376) सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर पंजीकृत है और तिवेंचा कंपनी के रेलवे लाइन निर्माण कार्य में लगाया गया था।
बताया गया कि 4 नवंबर को ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे बिंझरा रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया था। इस दौरान चालक और अन्य कर्मचारी छुट्टी पर चले गए। 22 नवंबर को जब कर्मचारी वापस पहुंचे तो मौके से ट्रैक्टर गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत की गई।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने जांच टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे साइडिंग में काम करने वाली शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाला रमेश केंवट कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर को जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिंझरा से रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बिना चाबी स्टार्ट कर ले गया था ट्रैक्टर
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और हल्की मरम्मत करने के बाद उसे मौके से लेकर चला गया। बाद में पुलिस की नजरों से बचाने के लिए ट्रैक्टर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र स्थित ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपा दिया था।
आरोपी के बताए स्थान पर दबिश देकर पुलिस ने करीब 14 लाख रुपए कीमत का चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
अनूपपुर का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रमेश कुमार केंवट मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
कोरबा में रेलवे साइडिंग से ट्रैक्टर चोरी, कटघोरा पुलिस ने पेंड्रा से किया बरामद; MP का आरोपी गिरफ्तार
