पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख से ज्यादा के मादक पदार्थ भट्ठी में किए गए नष्ट
जांजगीर-चांपा: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग आपराधिक मामलों में जब्त किए गए 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थों को शुक्रवार को औद्योगिक भट्ठी में जलाकर नष्ट कर दिया गया। इस दौरान करीब 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8,900 नशीली टैबलेट का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में यह पूरी कार्रवाई संपन्न हुई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में जब्त सामग्री को चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) के कोटाडबरी औद्योगिक प्लांट में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
अलग-अलग मामलों में जब्त हुआ था नशीला सामान
पुलिस के मुताबिक जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज प्रकरणों के दौरान इन मादक पदार्थों को जब्त किया गया था। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके तहत न केवल अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
नष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, SDOP चांपा लौकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी और निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने और इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही जिले में मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
