दीपका-पाली मार्ग बना जाम का अड्डा, भारी वाहनों की मनमानी से आम जनता हलाकान, इसी सड़क पर 2 लोगों की हो चुकी है मौत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/दीपका:  दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रकों के कारण यह मार्ग अब राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। आए दिन लगने वाले जाम से आम नागरिकों, दोपहिया चालकों और बस यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई बार एंबुलेंस तक को रास्ता मिलने में परेशानी होती है।

इस मार्ग पर एसईसीएल के भारी डंपरों और कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों की लगातार आवाजाही रहती है। दो लेन की सड़क पर भारी वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। इसके अलावा कई ट्रक और ट्रेलर सड़क के किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई और कम हो जाती है। रात के अंधेरे में खड़े इन वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

हादसे के बाद भी नहीं बदले हालात

दीपका-पाली मार्ग पर यातायात अव्यवस्था का गंभीर परिणाम 10 नवंबर को देखने को मिला था। गांधीनगर के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण दो युवकों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब सात घंटे तक चक्काजाम कर विरोध जताया था। इसके बावजूद सड़क पर भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात दबाव की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है।

पुलिस की कार्रवाई, लेकिन स्थायी समाधान का इंतजार

हाल ही में दीपका पुलिस ने दीपका चौक से पाली रोड की ओर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों तथा सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े ट्रेलरों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वालों में सख्ती का संदेश जरूर गया है, लेकिन लोगों का मानना है कि केवल चालानी कार्रवाई से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

दीपका-पाली मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। साथ ही कोयला परिवहन के लिए यातायात प्रबंधन की ठोस योजना बनाई जानी चाहिए।

अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के इंतजार में ही व्यवस्था सुधरेगी या संबंधित विभाग समय रहते कोई ठोस कदम उठाएंगे? आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत कब मिलेगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

Share This Article