कोरबा में ढाबे की आड़ में शराब का खेल…. 40 पाव देशी मदिरा के साथ संचालक गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में संचालित बबली होटल ढाबा में छापेमारी कर विभाग की टीम ने ढाबा संचालक पदुमदास को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से देशी प्लेन शराब के 40 पाव (7.2 लीटर) बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार ढाबे की आड़ में अवैध शराब के कारोबार की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने जांच और कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान शराब बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जनदर्शन की शिकायत पर खुला मामला

इस कार्रवाई को सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी जया मेहर के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

नवंबर में 134 मामले, 21 आरोपी जेल भेजे गए

आबकारी विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नवंबर माह के शुरुआती 27 दिनों में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में शराब और महुआ लाहन जब्त किया गया।

कार्रवाई का आंकड़ा इस प्रकार है:

  • देशी मदिरा: 37.70 लीटर
  • विदेशी मदिरा: 4.72 लीटर
  • महुआ मदिरा: 310.90 लीटर
  • महुआ लाहन: 755 किलोग्राम
  • कुल दर्ज प्रकरण: 134
  • गैरजमानती मामलों में गिरफ्तार आरोपी: 21

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 19 हजार 748 रुपये आंकी गई है।

गांवों में भी अवैध शराब पर नजर

शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी महुआ शराब की बिक्री विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। हालांकि, कई गांवों में ग्रामीणों और महिला समितियों ने पहल करते हुए शराब की बिक्री पर रोक लगाने के प्रयास किए हैं। महिला समितियां स्थानीय स्तर पर निगरानी कर रही हैं और अवैध कारोबार की जानकारी विभाग तक पहुंचा रही हैं।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।

Share This Article