कोरबा के दिव्यांग छात्रावास में बच्चों से स्कूटी धुलवाने का आरोप, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप; अधीक्षिका को नोटिस

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिन बच्चों को शिक्षा, संरक्षण और बेहतर देखभाल देने की जिम्मेदारी एक संस्था पर है, उन्हीं बच्चों से निजी वाहन की सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। कोरबा के डिंगापुर स्थित उमंग दिव्यांग छात्रावास के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने दिव्यांग बच्चे स्कूटी धोते और साफ करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग ने छात्रावास अधीक्षिका को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे दो वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी की धुलाई करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में दो बच्चे वाहन की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों से अधीक्षिका के निजी दोपहिया वाहन की सफाई नियमित रूप से कराई जाती थी।

वीडियो सामने आने के बाद छात्रावास में बच्चों की देखरेख और उनके साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अधीक्षिका ने बताया कर्मचारियों की साजिश

मामले में छात्रावास अधीक्षिका मीना सोनी ने खुद पर लगे आरोपों को लेकर अलग ही पक्ष रखा है। उनका कहना है कि छात्रावास के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से बच्चों से स्कूटी धुलवाई और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि, अधीक्षिका के इस दावे की भी जांच की जा रही है।

विभाग ने मांगा जवाब, जांच के बाद होगी कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक हरीश सक्सेना ने अधीक्षिका को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें नोटिस जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

उपसंचालक के मुताबिक, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

50 दिव्यांग बच्चों की देखभाल पर उठे सवाल

डिंगापुर स्थित उमंग 50 सीटर छात्रावास समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित है। यहां करीब 50 दिव्यांग बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के साथ आवासीय सुविधा का लाभ लेते हैं। संस्था का उद्देश्य इन बच्चों को पढ़ाई के साथ सुरक्षित वातावरण और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराना है।

ऐसे में बच्चों से निजी वाहन की सफाई कराए जाने का आरोप महज एक वायरल वीडियो का मामला नहीं रह गया है। इसने संस्था की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और बच्चों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर विभागीय जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

Share This Article