कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क पर अपनी जान के साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डालकर स्टंट दिखाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। कोरबा के दीपका मुख्य मार्ग पर चलती कार से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक CG12 BD 7800 (XL6) में सवार युवक दीपका मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार की खिड़कियों से दो युवक बाहर की ओर निकलकर स्टंटबाजी करते नजर आए। तेज रफ्तार वाहन में की जा रही इस हरकत से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो पुलिस तक पहुंचते ही दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने जांच के दौरान कार की पहचान करते हुए उसे जब्त कर लिया। वाहन में ड्राइवर प्रकाश चौहान के साथ मोहन सिंह और महेंद्र सिंह मौजूद थे। तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
बाजार और मुख्य मार्ग पर खड़े वाहनों पर भी पुलिस की कार्रवाई
स्टंटबाजी के मामले के साथ ही दीपका पुलिस ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में भी अभियान चलाया। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटवाया गया। ऐसे वाहनों के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टंटबाजी, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
