अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, 30 मीटर केबल बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 25 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे अड़ानी पावर प्लांट में कॉपर केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान प्लांट के सुरक्षा कर्मचारियों ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने थाना उरगा में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद उरगा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे गए काले रंग के बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन (40 वर्ष), निवासी रेलवे क्रॉसिंग, भैंसमा रोड, थाना उरगा, जिला कोरबा को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।

Share This Article