कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में वन्यजीव के शिकार और सबूत मिटाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकारियों ने पहले फंदा लगाकर भालू की जान ली और फिर पहचान छिपाने के लिए उसके शव को आग के हवाले कर दिया। मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम दम्हामुड़ा के निवासी हैं।
वन विभाग को 21 नवंबर को छिंदिया परिसर में भालू के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर खून के निशान और फंदा लगाने में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर मिला। इन साक्ष्यों के आधार पर वन्यजीव के शिकार की पुष्टि हुई।
जांच आगे बढ़ी तो मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। वन विभाग के मुताबिक, आरोपियों ने शिकार के अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी परिसर में ले जाकर जला दिया था। इसके बाद जले हुए अवशेषों को अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य नष्ट किए जा सकें। हालांकि, वन विभाग की टीम ने नदी किनारे तलाशी के दौरान जले हुए अवशेष बरामद कर लिए।
साक्ष्यों और जांच के आधार पर विभाग ने दम्हामुड़ा निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार, भालू अनुसूची-1 में संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। इसके शिकार पर तीन से सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
फिलहाल वन विभाग इस मामले की आगे जांच कर रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उनकी भूमिका की पड़ताल के साथ संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फंदा लगाकर भालू का शिकार, फिर शव जलाकर नदी किनारे फेंके अवशेष; चार ग्रामीण गिरफ्तार
