कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। राताखार इलाके में देर रात कबाड़ से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। गनीमत रही कि ट्रक की टक्कर के बावजूद किसी को चोट नहीं आई, हालांकि मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार स्थित बजरंग चौक मुख्य मार्ग का है। जहां कबाड़ से भरा ट्रक तेज रफ्तार में गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए।
हादसे के बाद चालक मौके से हुआ फरार
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। बाद में दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।
ट्रक में मिला 20 हजार किलो से ज्यादा कबाड़
पुलिस के मुताबिक, जब्त ट्रक में कुल 20 हजार 860 किलो कबाड़ लदा हुआ था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। फिलहाल इसके स्रोत और गंतव्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
घर में सो रहा था परिवार: आधी रात मकान में जा घुसा कबाड़ से भरा बेकाबू ट्रक, बाल-बाल बचे लोग; लाखों का कबाड़ जब्त
