बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बिलासपुर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एसपी कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। तीन मंजिला इस भव्य भवन में 60 कमरे बनाए गए हैं। यहां से पुलिस अधिकारी न केवल प्रशासनिक कामकाज संभालेंगे, बल्कि तकनीक के जरिए जिले के सभी थानों से सीधे जुड़ सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 नवंबर को बिलासपुर प्रवास के दौरान इस भवन का लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि, अभी आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है।
नए एसपी कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत इसका हाईटेक कम्युनिकेशन सिस्टम है। अब जिले के थानेदारों को हर विभागीय बैठक या समीक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। एसपी कार्यालय में स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम के जरिए सभी थानों से सीधे बातचीत और बैठक की जा सकेगी। इससे पुलिस अधिकारियों का समय बचेगा और वे अपने क्षेत्रों में रहकर ही जरूरी बैठकों में शामिल हो सकेंगे।
एक क्लिक पर थानों की जानकारी, डिजिटल होगी पुलिसिंग
नए भवन में अत्याधुनिक क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) लैब तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से जिले के थानों में दर्ज अपराधों और जांच से संबंधित रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जाएगा।
सीसीटीएनएस के दूसरे चरण में सभी थानों को बेहतर तरीके से नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इससे केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और विवेचना से जुड़े दस्तावेजों का प्रबंधन आसान होगा। न्यायालयों के साथ भी डिजिटल समन्वय की व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे जरूरी दस्तावेजों और साक्ष्यों के आदान-प्रदान में सुविधा मिलेगी।
एक ही छत के नीचे बैठेंगे पुलिस विभाग के अहम कार्यालय
तीन मंजिला भवन में पुलिस विभाग की अलग-अलग शाखाओं के लिए व्यवस्थित जगह बनाई गई है। यहां एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा संचालित होंगी।
अधिकारियों के लिए आधुनिक चैंबर और विभागीय बैठकों के लिए हाईटेक मीटिंग हॉल तैयार किया गया है। मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं रहेंगी। यहां पदस्थ कर्मचारियों को नई तकनीकी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
फरियादियों के लिए अलग विजिटर रूम, कैंटीन की भी सुविधा
नए पुलिस मुख्यालय में सिर्फ अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधाओं पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि आम लोगों के लिए भी व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों के बैठने के लिए अलग विजिटर रूम बनाया गया है। इसके अलावा परिसर में कैंटीन भी होगी, जहां पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को चाय-नाश्ते व भोजन की सुविधा मिल सकेगी।
भवन के लिए फर्नीचर, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीदी शासकीय जेम पोर्टल के माध्यम से की गई है।
लोकार्पण की तैयारी तेज, एसएसपी ने किया निरीक्षण
नए एसपी कार्यालय के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। लोकार्पण की संभावित तारीख को देखते हुए पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को हटाने और नए भवन तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार करने का काम भी किया जा रहा है।
यदि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 नवंबर को इसका लोकार्पण करते हैं, तो बिलासपुर पुलिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस नया प्रशासनिक मुख्यालय मिल जाएगा।
