ऑनलाइन लूडो से हुई दोस्ती, अहमदाबाद से कोरबा पहुंचा युवक; युवती को ले भागा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलना कोरबा की एक 24 वर्षीय युवती के लिए परेशानी का कारण बन गया। ऑनलाइन लूडो खेलते समय उसकी पहचान अहमदाबाद के एक युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो युवक उससे मिलने कोरबा पहुंच गया। आरोप है कि वह युवती को अपने साथ लेकर चला गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से बरामद कर लिया।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो गेम खेलती थी। इसी दौरान उसकी बातचीत अहमदाबाद निवासी एक युवक से शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने युवती को अपने विश्वास में लिया और अहमदाबाद से कोरबा आकर उसे अपने साथ ले गया।

घर नहीं लौटी तो परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट

युवती काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अपने पास मोबाइल भी नहीं रखती। उनका आरोप था कि युवक ने उसकी स्थिति का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

साइबर सेल की मदद से जयपुर तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। जांच के दौरान ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए अहमदाबाद के युवक से संपर्क होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया। लगातार प्रयास के बाद चार दिन में पुलिस ने युवती को जयपुर से बरामद कर लिया।

पायल बेचने और ठीक से खाना नहीं देने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, युवक युवती को अपने साथ ले जाने के बाद उसका ठीक से ध्यान भी नहीं रख रहा था। आरोप है कि उसे पर्याप्त खाना-पीना तक नहीं दिया गया और उसके पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी गई। पुलिस युवती को सुरक्षित कोरबा लेकर पहुंची, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। साइबर सेल की मदद से उसे जयपुर से बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article