कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने लूटपाट और मारपीट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी रकम और घटना में इस्तेमाल किए गए चोरी के दोपहिया वाहन को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और नगदी रकम लूट ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 937/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखन राजपूत (23 वर्ष), निवासी रामसागरपारा, कोरबा, रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष) और कमल निषाद उर्फ टेंगना, दोनों निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल और नगदी रकम के साथ घटना में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
