कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये का लेन-देन, बिचौलिए की मौत के बाद फंसी रकम और लगातार बढ़ता कर्ज… इन सबके बीच कोरबा जिले में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है, जिसमें करीब 50 लाख रुपये के लेन-देन और आर्थिक परेशानियों का उल्लेख किया गया है।
नौकरी के नाम पर लेन-देन, बिचौलिए की मौत के बाद बिगड़े हालात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शिवचरण साहू ने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन आर्थिक और अन्य परेशानियों के चलते स्कूल बंद करना पड़ा। इसके बाद वह आर्थिक संकट से जूझ रहा था।
पुलिस को मिले नोट में नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से रकम लेने की बात लिखी गई है। इस पूरे लेन-देन में एक बिचौलिए की भूमिका का भी जिक्र है। बताया गया है कि कोरोना काल में बिचौलिए की मौत हो जाने के बाद रकम का हिसाब अटक गया। इसके बाद पैसों की देनदारी और कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया।
लेनदारों के दबाव का भी उल्लेख
नोट में कथित तौर पर उन लोगों के दबाव का जिक्र है, जिन्होंने रकम दी थी। लगातार पैसों की मांग और आर्थिक परेशानियों के कारण मानसिक तनाव बढ़ने की बात भी सामने आई है। चर्चा है कि दस्तावेज में कई लोगों के नाम और लेन-देन से जुड़ा हिसाब दर्ज है। इसकी वास्तविकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज और आर्थिक परेशानियों का उल्लेख है। पुलिस नोट में लिखी बातों और उसमें सामने आए लेन-देन की जानकारी की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि नौकरी के नाम पर हुए कथित 50 लाख रुपये के लेन-देन में किन लोगों की भूमिका थी, रकम कहां और किसके पास फंसी और युवक पर कितनी देनदारी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो पाएगी।
फांसी के फंदे पर लटकती मिली युवक की लाश, जेब से मिला 19 पन्नों का नोट; फैली सनसनी….
