कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मड़वारानी बटालियन कैंप से अचानक लापता हुए आरक्षक कन्ना गटपल्ली की तलाश का मामला आखिरकार दर्दनाक मोड़ पर खत्म हुआ। 5 अक्टूबर से लापता आरक्षक का शव जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ था। करीब 43 दिन बाद परिजनों ने उसके कपड़े, बेल्ट और अन्य निजी सामान के आधार पर शव की पहचान की। अब पुलिस इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर जिले के उसूर गांव निवासी आरक्षक कन्ना गटपल्ली मड़वारानी बटालियन कैंप में पदस्थ था। 5 अक्टूबर के बाद से वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और न ही परिवार के संपर्क में आया। परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिलने से उनकी चिंता बढ़ती गई।
24 अक्टूबर को बीजापुर से बटालियन के जवान उसकी तलाश में कैंप पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि आरक्षक 5 अक्टूबर से ही ड्यूटी से गैरहाजिर है। इसके बाद परिजन कोरबा पहुंचे और अपने स्तर पर तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर उरगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
9 अक्टूबर को मिला था अज्ञात शव, नहीं हो सकी थी पहचान
इसी बीच पुलिस की जांच में एक अहम जानकारी सामने आई। जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को नहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण स्थानीय पुलिस ने उसे लावारिस मानते हुए नियमानुसार अंतिम संस्कार की कार्रवाई कर दी थी।
17 नवंबर को परिजन उरगा पुलिस के सहयोग से बम्हनीडीह थाना पहुंचे। वहां रखे गए कपड़ों, बेल्ट और अन्य सामान को देखकर उन्होंने शव की पहचान कन्ना गटपल्ली के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
नहर में कैसे पहुंचा आरक्षक, हर पहलू पर जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल के मुताबिक, मड़वारानी कैंप के सामने से एक नहर गुजरती है, जिसका पानी दूसरे जिले की ओर जाता है। इसी आधार पर आसपास के क्षेत्रों में तलाश की जा रही थी। अब बम्हनीडीह क्षेत्र में मिले शव की पहचान होने के बाद वहां मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरक्षक कन्ना गटपल्ली कैंप से अचानक कहां और किन परिस्थितियों में लापता हुआ? क्या उसकी मौत नहर में गिरने से हुई या घटना के पीछे कोई दूसरा कारण है? पुलिस कैंप के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही उसके साथ ड्यूटी करने वाले जवानों से पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरक्षक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
