कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र में मारपीट और विवाद के मामले में चर्चा में आए पंकज शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 13 इंच लंबा धारदार लोहे का हथियार भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पंकज शर्मा (31 वर्ष) अमरैयापारा, कोरबा का निवासी है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बताया गया कि आरोपी पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथियार भी जब्त किया है। इसकी कुल लंबाई करीब 13 इंच बताई गई है।
आदतन अपराधी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी लंबित
पुलिस के अनुसार पंकज शर्मा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। फिलहाल यह मामला लंबित है।
पहले भी कराया गया था बाउंड ओवर
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उस दौरान उसे भविष्य में शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की शर्त पर बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का मामला सामने आने पर पुलिस ने उसकी बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन पेश किया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कोरबा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कोरबा ब्रेकिंग: 13 इंच के धारदार हथियार के साथ आदतन अपराधी पंकज शर्मा गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
