कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज हो गया है। शनिवार, 15 नवंबर को जिले के सभी 68 धान उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई। पहले ही दिन केंद्रों में किसानों की आवाजाही और उत्साह देखने को मिला।
हरदीबाजार धान उपार्जन केंद्र में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर धान बेचने पहुंची ग्राम हरदीबाजार की किसान गीतांजलि डहरिया का विशेष सम्मान किया गया। केंद्र में पहली किसान के रूप में पहुंचने पर उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया गया।
गीतांजलि डहरिया पति नंद कुमार डहरिया ने खरीदी के पहले दिन 12 क्विंटल 80 किलोग्राम धान का विक्रय किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों और केंद्र के अधिकारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए अन्य किसानों का भी स्वागत किया।
कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन, नोडल अधिकारी मनमोहन पैकारा, प्रबंधक डाकेश्वर पांडे, फड़ प्रभारी पंचराम यादव सहित केंद्र के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर किसान तक पहुंचना चाहिए। धान बेचने के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उपार्जन केंद्र में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने किसानों के सम्मान और उनकी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
निगरानी के लिए कमांड सेंटर, जांच दल भी गठित
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर 4 नवंबर को जिला एवं तहसील स्तर पर जांच समितियों और उड़नदस्ता दलों का गठन भी किया गया है।
कमांड सेंटर की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव को सौंपी गई है। खरीदी से संबंधित गतिविधियों की नियमित निगरानी कर रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। किसानों की शिकायतों और सुझावों के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9691901259 जारी किया है।
प्रशासन का कहना है कि पूरी खरीदी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसानों को धान विक्रय में परेशानी न हो और समर्थन मूल्य पर खरीदी का काम व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।
