कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 3 बजे बस चालक ने यात्रियों के चाय-पानी और अन्य जरूरतों के लिए अनूप ढाबा के पास वाहन रोका था। कुछ यात्री बस से नीचे उतर गए थे, जबकि कई लोग अंदर ही बैठे हुए थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने खड़ी बस को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। शुरुआती जानकारी में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
बस हेल्पर अर्जुन राम ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच चालक और कुछ यात्री बस से नीचे उतरे थे। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक को मौके से भागते हुए देखने की बात भी सामने आई है।
दो यात्रियों की मौके पर मौत, एक रायपुर रेफर
हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में बिलासपुर निवासी 34 वर्षीय अनूप दुबे शामिल हैं। दूसरे मृतक की उम्र 40 वर्ष बताई गई है। उनके निवास स्थान को लेकर जानकारी में अंतर होने के कारण पुलिस इसकी पुष्टि कर रही है।
वहीं हादसे में घायल छह यात्रियों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य पांच घायलों का कटघोरा में उपचार जारी है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
