कोरबा में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक युवक की घर में बिजली सुधारने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, वहीं दूसरे युवक ने घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बिजली सुधारते समय करंट की चपेट में आया युवक

पहला मामला श्यांग थाना क्षेत्र के गिरारी गांव का है। यहां 25 वर्षीय सुखसागर की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुखसागर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बुजुर्ग मां का इकलौता सहारा था और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को अभी महज आठ महीने ही हुए थे।

घटना के समय घर में अंधेरा था और उसकी पत्नी खाना बना रही थी। इसी दौरान सुखसागर बिजली की खराबी ठीक करने लगा। काम करते समय वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

नहर किनारे घायल मिला युवक, इलाज के दौरान मौत

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव से सामने आई है। बरमपुर निवासी 32 वर्षीय रामकुमार पटेल ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। वह ट्रैक्टर लेकर पहाड़ गांव गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।

इसी बीच उसके बड़े भाई को जानकारी मिली कि रामकुमार जिला अस्पताल में भर्ती है। बताया गया कि वह नहर किनारे गुड़ाखू करने के लिए उतरा था, जहां गिरने से उसे गंभीर चोट आई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हालांकि रामकुमार की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया है। पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Share This Article