कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने चोरी और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई गेवरा-पेंड्रा रोड नई रेल लाइन परियोजना से लाखों रुपए का कॉपर वायर चोरी करने के मामले में की गई है, जबकि दूसरी गिरफ्तारी SECL की सिंघाली खदान में घुसकर सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट और पथराव करने के मामले में हुई है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, खदान मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नई रेल लाइन परियोजना से 300 मीटर कॉपर वायर पार
पुलिस के अनुसार 30 और 31 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात घुड़देवा क्षेत्र में गेवरा-पेंड्रा रोड रेल लाइन निर्माण परियोजना से करीब 300 मीटर OHE कॉपर कैटेनरी वायर चोरी कर लिया गया था। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। मामले में अभिषेक कुमार पंडित की शिकायत पर 31 अक्टूबर को अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिद्ध कुमार बघेल से पूछताछ की। पूछताछ में चोरी के तार को गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से लेकर किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेचे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने गुलशन बर्मन, गिरीलाल पटले और सिद्ध कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन बर्मन (21 वर्ष), निवासी जेदुकछाई, जो सुरक्षा गार्ड का काम करता है, गिरीलाल पटले (39 वर्ष), निवासी बेलटुकरी, बलौदा, जिला जांजगीर और सिद्ध कुमार बघेल (41 वर्ष), निवासी घुड़देवा शामिल हैं।
सिंघाली खदान में घुसकर सुरक्षा कर्मियों पर हमला
दूसरी घटना SECL की सिंघाली खदान की है। शिकायतकर्ता प्रताप नारायण पटेल के मुताबिक, वह अपने साथियों मारखं यादव, जगतराम यादव, रमेश पटवा और घुमान दास के साथ खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:40 बजे सोना उर्फ विरेन्द्र, परमेश्वर, तखत और विजय कथित तौर पर चोरी की नीयत से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस आए।
सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पथराव भी किया गया और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
मामले में पुलिस ने विरेन्द्र कुमार पाटले उर्फ सोना (23 वर्ष), निवासी बांधापारा अरदा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल परमेश्वर, तखत और विजय समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
