कोरबा में दीपक टंडन पर एक और FIR, कोयला कारोबारी के पिता से 27.90 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब उसके खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में 27 लाख 90 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया गया है। इस बार दीपका के कोयला कारोबारी ने अपने पिता के साथ हुई आर्थिक धोखाधड़ी और बाद में धमकी दिए जाने की शिकायत पुलिस से की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले में दीपका के वार्ड क्रमांक-9 निवासी कोयला कारोबारी अंकित सिंह (32) ने 13 नवंबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27.90 लाख रुपये लिए थे। इस संबंध में वर्ष 2020 में दीपका थाने में अपराध क्रमांक 160/2020 के तहत मामला भी दर्ज हुआ था।

समझौते के बाद भी नहीं लौटाई रकम

अंकित सिंह का आरोप है कि बाद में दीपक टंडन ने उन्हें भरोसे में लेकर शपथ पत्र के माध्यम से समझौता किया था। आरोपी ने शुरुआत में 5 लाख रुपये देने और शेष रकम धीरे-धीरे लौटाने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे पर 20 मई 2023 को यस बैंक का 5 लाख रुपये का चेक दिया गया। हालांकि, करीब 10 से 12 दिन बाद बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि चेक पहले से ही होल्ड कराया गया था।

पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

शिकायत के अनुसार रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। उसने 10 जुलाई 2024 को कटघोरा न्यायालय में पेशी के दौरान पैसे लौटाने की बात कही थी। इसी दिन शाम करीब 4 बजे अपने एक साथी के माध्यम से अंकित को बुधवारी चौक, दीपका बुलाया।

अंकित का आरोप है कि वहां पहुंचने पर जब उन्होंने बकाया रकम की मांग की तो दीपक टंडन नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट के तहत फंसाने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद डर के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। हालांकि, इसकी जानकारी अपने पिता और साथी गौतम गौते को दी थी।

गिरफ्तारी के बाद शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थाने

अंकित सिंह के मुताबिक हाल ही में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और दीपका थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एक सप्ताह में छह एफआईआर दर्ज होने का दावा

दीपक टंडन के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार एक सप्ताह के भीतर उसके खिलाफ कुल 6 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। ताजा मामला कोरबा जिले के दीपका थाने में दर्ज हुआ है।

फिलहाल 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकी देने से जुड़े आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article