कटघोरा-बांकीमोंगरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: पेड़ से टकराकर पलटी स्कॉर्पियो, 18 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार तड़के कटघोरा-बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन सड़क से दूर जाकर पलट गया। हादसे में 18 वर्षीय रूपेश पटेल की जान चली गई, जबकि उसका साथी आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार दोनों युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों एयरबैग खुल गए।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस सहायता से दोनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं आर्यन गोंड की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका उपचार जारी है।

मृतक रूपेश ग्राम चाकाबुड़ा का निवासी था, जबकि घायल आर्यन ग्राम बुंदेली का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Share This Article