बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बिलासपुर में अवैध धान के भंडारण और कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत संयुक्त टीम ने सात अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई से अवैध रूप से धान का भंडारण करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया। चकरभाठा, कोटा, गतौरा, बेलगहना, किरारी और मझवानी सहित कई क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों और किराना दुकानों की जांच की गई। इस दौरान बिना नियमानुसार अनुमति के संग्रहित धान मिलने पर अधिकारियों ने जब्ती की कार्रवाई की।
किस प्रतिष्ठान से कितना धान हुआ जब्त?
कार्रवाई के दौरान नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल, श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल और श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल, विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान बरामद हुआ। सभी सात मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रस्तावित है। खरीदी सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध धान के भंडारण, परिवहन और उपार्जन केंद्रों में अनियमित तरीके से धान खपाने की संभावनाओं पर निगरानी के तहत की जा रही है।
प्रशासन ने जिलेभर में जांच अभियान जारी रखने की बात कही है। अधिकारियों की टीम लगातार संदिग्ध प्रतिष्ठानों और धान के भंडारण पर नजर रख रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
