चर्च परिसर में जमकर हंगामा: महिलाओं से अभद्रता और युवक से मारपीट का आरोप; विरोध में सड़क पर उतरा मसीही समाज; कोरबा-रजगामार मार्ग पर वाहनों की लगी कतारें, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में चर्च परिसर के भीतर कथित हंगामे और मारपीट की घटना ने तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। आरोप है कि कुछ लोग चर्च परिसर में पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए विवाद करने लगे। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक युवक के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद मसीही समाज में आक्रोश फैल गया और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

घटना से नाराज दर्जनों लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि धार्मिक स्थल में घुसकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और युवक के साथ मारपीट करने वालों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

चक्काजाम से थमी सड़क की रफ्तार

मसीही समाज के प्रदर्शन के चलते कोरबा-रजगामार मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

किस संगठन से जुड़े हैं आरोपी? पुलिस कर रही पहचान

घटना को लेकर एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। चर्च परिसर में हंगामा करने वाले लोगों के संबंध में कुछ स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि वे किसी हिंदू संगठन से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार की नियमित प्रार्थना सभा में कुछ हिंदुओं के शामिल होने को लेकर संदेह के चलते विवाद हुआ। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि चर्च परिसर में हुए विवाद और मारपीट के मामले में किन लोगों की भूमिका सामने आती है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

Share This Article