24 घंटे के भीतर हनुमान मंदिर में दो बार चोरी, मामले में एक नाबालिग गिरफ्तार, चांदी की दो चेन बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर को चोरों ने 24 घंटे के भीतर दो बार निशाना बनाया। मंदिर में लगातार हुई चोरी की इन घटनाओं को कोरबा पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। वहीं, चोरी की संपत्ति खरीदने के संदेह में एक व्यक्ति के कब्जे से चांदी की दो चेन भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन रामपुर में दोनों चोरी की घटनाओं को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान पुलिस को पहली चोरी की घटना में एक बालक की संलिप्तता की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी गई बाकी संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है।

वहीं चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुरेश निषाद (25 वर्ष), निवासी भुलसीडीह के कब्जे से चांदी की दो चेन बरामद की हैं। उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने, चोरी गई शेष संपत्ति बरामद करने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। बालक के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article