दिनदहाड़े महिलाओं से लूटते थे पर्स, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग साथी भी पकड़ाए

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने महिलाओं से दिनदहाड़े पर्स लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पहली घटना 3 नवंबर 2026 की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया और उनके हाथ से पर्स लूटकर फरार हो गए।

वहीं, दूसरी घटना 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया।

लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। वहीं, खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष), पिता अमर लाल साहू, निवासी महावीर चौक के पास, 15 ब्लॉक, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को 5 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके दोनों नाबालिग साथियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Share This Article