कांकेर में तस्करों का तांडव:  TI को कार से कुचलने की कोशिश, 2 करोड़ का गांजा फेंककर फरार

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कांकेर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का नेटवर्क लगातार बेखौफ होता जा रहा है। तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वे जानलेवा हरकत करने से भी पीछे नहीं हट रहे। केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक चले पीछा करने के घटनाक्रम में तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश की। इस घटना में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा के पैर और अंगूठे में गंभीर चोट आई है। हालांकि, तस्कर भागने में कामयाब रहे, लेकिन जल्दबाजी में 400 किलो से अधिक गांजा छोड़ गए।

पुलिस को चकमा देने के लिए बदला रास्ता, कचरे में छिपाई खेप

जानकारी के अनुसार ओडिशा की ओर से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक फॉर्च्यूनर कार आ रही थी। इसके साथ एक पायलट वाहन भी चल रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने भागना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को टक्कर मारने का प्रयास किया। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उन्हें चोट लगी।

पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट स्थित राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे गांजे से भरी बोरियां कचरे के ढेर में फेंक दीं। इसके बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर खुला गांजे की बड़ी खेप का राज

घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने कचरे के ढेर में लावारिस बोरियां पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची कांकेर पुलिस ने जब बोरियों की जांच की तो उनमें गांजा भरा मिला। जब्त गांजे का कुल वजन 400 किलो से अधिक बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

एक्सप्रेस-वे निर्माण के चलते पुराने रास्ते बने तस्करों का नया ठिकाना

पुलिस के सामने अब गांजा तस्करी के नए रूट को लेकर भी चुनौती खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण जारी होने के कारण तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने के लिए केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार दो दिनों में हुई बड़ी बरामदगी ने इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की आशंका को और गहरा कर दिया है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें रवाना

कांकेर एसपी निखिल राखेचा के मुताबिक, गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Share This Article