छत्तीसगढ़ में खुला सरकारी नौकरी का पिटारा, 1703 पदों पर होगी सीधी भर्ती, जानें आवेदन की पूरी डिटेल्स…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने 1703 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

जारी अधिसूचना के मुताबिक सबसे अधिक 1206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक के 279, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ के 40, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक) के 34 और शीघ्रलेखक हिंदी के 30 पद शामिल हैं। वहीं, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक द्विभाषी के 13 और शीघ्रलेखक अंग्रेजी के 3 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी को होगी परीक्षा

इन पदों पर चयन के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

खास बात यह है कि परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Share This Article