कोरबा: घर के अंदर खून से लथपथ मिली महिला की लाश, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के वनांचल क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके ही घर के अंदर मिला। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से ईंट के टुकड़े मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जमनीमुड़ा निवासी सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों घर में मौजूद थे। शुक्रवार सुबह जब सहदेव की नींद खुली तो पत्नी मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके सिर से खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घर के भीतर बारीकी से जांच की। इस दौरान महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं, मौके से ईंट के कुछ टुकड़े भी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। इन परिस्थितियों के आधार पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, नहीं मिला ठोस सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने आसपास और घर में सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लग सका।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Share This Article