कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा के आश्रित ग्राम आमापाली में दशहरा पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक बुजुर्ग महिला का शव उसके ही घर में मिला। बुधवार रात पूरा परिवार गांव में आयोजित दशहरा उत्सव देखने गया था। घर में अकेली रह गई 60 वर्षीय सहस बाई खड़िया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को गांव में दशहरा पर्व को लेकर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। उत्सव में शामिल होने के लिए परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। उन्होंने सहस बाई को भी साथ चलने के लिए कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
गुरुवार तड़के करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने छज्जे की ओर से अंदर झांककर देखा तो महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
घर में फांसी के फंदे पर लटकती मिली बुजुर्ग महिला की लाश, परिवार गया था दशहरा देखने, पसरा मातम….
