कोरबा में दशहरा कार्यक्रम के बीच युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के खैरभवना गांव में दशहरा उत्सव के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रावण दहन के बाद चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

बिजली गुल होते ही हुई वारदात

मामला लेमरू थाना क्षेत्र के सतरेंगा स्थित खैरभवना गांव का है। जानकारी के मुताबिक, सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई राजू कंवर के साथ गुरुवार रात रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान रात करीब 2 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसी बीच राकेश स्टेज के पीछे अंधेरे की ओर गया, जहां अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। वहीं, गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण राकेश जमीन पर गिर पड़ा। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात थे। इसी दौरान एक आरक्षक की नजर घायल युवक पर पड़ी और वह तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू लेकर पहुंचा।

मेडिकल कॉलेज से सिम्स बिलासपुर रेफर

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद राकेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। यहां से डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

भाई ने कहा- किसी से नहीं हुआ था विवाद

घायल के छोटे भाई राजू कंवर के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान किसी के साथ कोई विवाद या कहासुनी नहीं हुई थी। उसे भी घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है कि आखिर उसके भाई पर किसने और किस वजह से हमला किया।

अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

कोरबा में दशहरा आयोजन के दौरान पहले भी हो चुकी है हत्या

गौरतलब है कि इससे पहले मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकू से हमला किया गया था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब खैरभवना की घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article