
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के दीपका थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की लापरवाही ने दो युवकों की जान ले ली। सिरकी मोड़-बतारी के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब सात घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिरकी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल भोलू मरकाम को बेहतर उपचार के लिए पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। तीसरे युवक मनमोहन मरकाम को मामूली चोटें आई हैं।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, सात घंटे तक थमी रही आवाजाही
दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर SECL प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है और भारी वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जाते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
प्रदर्शनकारियों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण, नियमित पानी का छिड़काव और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठाई। चक्काजाम के चलते करीब सात घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम दीपका एवं हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी प्रदान की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
