कोरबा में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, प्रधान पाठक और सरपंच समेत 13 गिरफ्तार; 1.83 लाख का सामान जब्त

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पसान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में एक सरकारी स्कूल का प्रधान पाठक और एक ग्राम पंचायत का सरपंच भी शामिल है। पुलिस ने मौके से नकदी, बाइक, मोबाइल और ताश की गड्डी समेत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए का सामान जब्त किया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस, घेराबंदी कर पकड़े गए 13 लोग

पुलिस के मुताबिक ग्राम तैलियामार में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 पत्ती ताश, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा जब्त किया। इसके अलावा मौके से दो बाइक और पांच मोबाइल भी बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 83 हजार रुपए आंकी गई है।

प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) शामिल हैं।

बताया गया है कि गिरफ्तार गजेन्द्र यादव प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वहीं, सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share This Article