बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रिपेयरिंग के बाद सड़क पर निकली एक हुंडई कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार के इंजन से धुआं उठता देख अंदर मौजूद मैकेनिक ने बिना देर किए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। उसकी सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार घटना तखतपुर के नया बस स्टैंड मेन रोड की है। हुंडई कार क्रमांक CG 13 C 3180 की मरम्मत के बाद मैकेनिक उसे लेकर सड़क पर निकला था। कुछ दूर आगे बढ़ते ही कार के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख मैकेनिक ने तत्काल कार से बाहर छलांग लगा दी।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
कार में आग लगने की खबर फैलते ही सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
आग लगने की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
चलती कार में अचानक आग लगने की इस घटना ने वाहन की सुरक्षा और तकनीकी खराबी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि मैकेनिक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
