पुरानी रंजिश में घर के पास पहुंचकर युवक पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने आया दूसरा युवक भी घायल; आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चाकू से चोट आई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह मामला ग्राम आछीमार का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी कुंदन भट्ट (35 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2026 को गांव के जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया था। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन भट्ट के पेट पर हमला कर दिया। इस बीच मौके पर मौजूद आशिष भट्ट ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी हाथ की उंगली में चोट आई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जोगी राम मिरी को उसके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में चाकू से हमला करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू जब्त किया गया।

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 12 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-

1. जोगी राम मिरी (29 वर्ष), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।

जब्त सामग्री: वारदात में इस्तेमाल किया गया एक हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू।

Share This Article